रायगढ़, 15 जून (आरएनएस)। रायगढ़ पुलिस के विशेष अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध कबाड़ और औद्योगिक सामग्री के परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चक्रधरनगर पुलिस ने 8 टन पॉयलट गोली (कच्चा आयरन) से भरे एक ट्रेलर को जब्त किया है। मामले में वाहन चालक और ट्रेलर स्वामी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम तिलगा स्थित पटेल ढाबा के पास खड़े एक ट्रेलर में बड़ी मात्रा में पॉयलट गोली लोड है, जिसका संदिग्ध परिस्थितियों में परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रेलर क्रमांक JH 16 J 6729 की घेराबंदी कर जांच की।
जांच के दौरान ट्रेलर में करीब 8 टन पॉयलट गोली लोड पाई गई। वाहन चालक ने अपनी पहचान नंदू वर्मा के रूप में बताई, जबकि साथ मौजूद हरेन्द्र कुमार गोंड उर्फ अभय ने स्वयं को वाहन स्वामी बताया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि सामग्री को पूंजीपथरा क्षेत्र में बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था।
पुलिस द्वारा परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन चालक और वाहन स्वामी कोई भी वैधानिक दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद सामग्री के चोरी की संपत्ति होने की आशंका पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रेलर और उसमें लदी पॉयलट गोली को जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार जब्त की गई पॉयलट गोली और ट्रेलर की कुल अनुमानित कीमत लगभग 13 लाख रुपये है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब पॉयलट गोली के वास्तविक स्रोत, स्वामित्व और इसके पीछे सक्रिय संभावित अवैध नेटवर्क की जांच कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में अवैध कबाड़ के परिवहन, संग्रहण और खरीद-फरोख्त के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। बिना वैध दस्तावेजों के औद्योगिक सामग्री का परिवहन करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
0

