सेंट्रल मोहर्रम कमेटी एवं तीनों अखाड़ों के पदाधिकारियों को पगड़ी और मोमेंटो देकर किया गया सम्मानित, प्रशासनिक अधिकारियों ने दिए सहयोग का भरोसा
रांची 15 जून (आरएनएस)। आगामी मोहर्रम पर्व की तैयारियों को लेकर झारखंड तंजीम की ओर से एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मोहर्रम के सफल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान सेंट्रल मोहर्रम कमेटी तथा तीनों अखाड़ों के पदाधिकारियों को पगड़ी एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रांची के एसएसपी राकेश रंजन, सिटी एसपी पारस राणा, झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष शमशेर आलम, जय सिंह यादव तथा वार्ड संख्या 23 के पार्षद प्रतिनिधि खालिद उमर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। अतिथियों का स्वागत करते हुए आयोजकों ने मोहर्रम के दौरान सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़े मुद्दों को रखा। बैठक में विशेष रूप से मोहर्रम जुलूसों के दौरान महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिस बल की तैनाती की मांग की गई। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने, विभिन्न मोहल्लों में मौजूद समस्याओं के समाधान तथा पर्व के दौरान प्रशासनिक सहयोग सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि मोहर्रम आपसी भाईचारे, अनुशासन और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। ऐसे में सभी समितियों, अखाड़ों और प्रशासन के समन्वय से पर्व को शांतिपूर्ण एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराया जाएगा। बैठक में झारखंड तंजीम और सेंट्रल मोहर्रम कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से शोएब खान, फैसल गद्दी, इमरान गद्दी, हैदर गद्दी, राजू गद्दी, अमजद, तस्लीम, रिंकू, राजा गद्दी, अयूब राजा खान, खालिद उमर, आफताब आलम, मो. इस्लाम गुड्डू, सोनू, जमील अख्तर, महफूज गद्दी, धवताल अखाड़ा के प्रतिनिधि, लव कुमार तथा लोअर बाजार थाना प्रभारी सहित अनेक लोग मौजूद थे।
बैठक के अंत में मोहर्रम के सफल आयोजन के लिए सभी समाजसेवियों, अखाड़ा समितियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों से सहयोग की अपील की गई।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

