कवर्धा, 16 जून (आरएनएस)। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के उद्देश्य से कबीरधाम पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह स्वयं पुलिस बल के साथ मैदान में उतरे और शहर के आउटर क्षेत्रों सहित विभिन्न संवेदनशील इलाकों का रात्रिकालीन निरीक्षण किया।
पुलिस अधीक्षक ने घोठिया रोड सहित कवर्धा शहर के कई सुनसान और संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर बैठकर शराब सेवन करने वाले लोगों को चिन्हित कर उनसे पूछताछ की गई तथा आवश्यक समझाइश के लिए थाना लाया गया। पुलिस ने उन्हें सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी से होने वाले सामाजिक एवं कानूनी दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी।
इस दौरान एसपी धर्मेंद्र सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया कि कबीरधाम पुलिस की प्राथमिकता जिले के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है। नशे, असामाजिक गतिविधियों तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन में विश्वास बढ़ाने के लिए पुलिस की सक्रिय मौजूदगी लगातार बनी रहेगी।
उन्होंने बताया कि देर रात सुनसान स्थानों पर अनावश्यक रूप से जमावड़ा लगाने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। संभावित अप्रिय घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस लगातार गश्त, चेकिंग और निगरानी अभियान चला रही है। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

यातायात नियम तोडऩे वालों पर भी कार्रवाई
विशेष अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहन चालकों, बिना नंबर प्लेट के वाहन संचालित करने वालों तथा अन्य यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। कबीरधाम पुलिस का यह अभियान जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
0

