बिलासपुर, 16 जून (आरएनएस)। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा स्थित गणेश नगर में मंगलवार सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गली के बीचों-बीच शव पड़े होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान गणेश नगर निवासी इरफान बघीरा के रूप में हुई है। सुबह जब मोहल्ले के लोग घरों से बाहर निकले तो उन्होंने गली में युवक का शव पड़ा देखा। शव के आसपास बड़ी मात्रा में खून फैला हुआ था, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस ने शव के पास से खून से सने सीमेंट के दो बड़े पोलनुमा पत्थर बरामद किए हैं। आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने इन्हीं भारी पत्थरों से हमला कर युवक की हत्या की है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में शराब सेवन के बाद हुए आपसी विवाद में हत्या की संभावना सामने आ रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा।
मामले की जांच के तहत पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर घटना की कडिय़ों को जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपियों की पहचान स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
0

