सूरजपुर, 16 जून (आरएनएस)। सूरजपुर जिला चिकित्सालय परिसर स्थित मातृत्व एवं शिशु अस्पताल में प्रसव के दौरान एक गर्भवती महिला और उसके गर्भ में पल रहे नवजात की मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, महिला को प्रसव के लिए जिला अस्पताल के मातृत्व-शिशु अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि यह उसका पहला प्रसव था। प्रसव प्रक्रिया के दौरान महिला को एक इंजेक्शन लगाया गया, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगडऩे लगी। कुछ ही देर में महिला की मौत हो गई। गर्भ में पल रहे शिशु को भी चिकित्सक नहीं बचा सके।

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों का कहना है कि प्रसव से पूर्व इंजेक्शन लगाए जाने के दौरान महिला को उल्टी हुई थी। चिकित्सकों के अनुसार उल्टी श्वास नली में फंस जाने से उसे सांस लेने में गंभीर समस्या हुई, जिसके चलते उसकी हालत तेजी से बिगड़ गई और उपचार के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही महिला और नवजात की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
0

