रायगढ़, 16 जून (आरएनएस)। थाना कोतरारोड के आबकारी प्रकरण में गिरफ्तार आरोपित संजय बघेल की मृत्यु के मामले में जिला पुलिस ने अपना पक्ष सार्वजनिक किया है। पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर मामले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज मीडिया के समक्ष साझा किए और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरी घटनाक्रम की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, संजय बघेल (32 वर्ष), निवासी नवापारा, को 10 जून 2026 को अवैध महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से 30 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद होने पर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई थी।
गिरफ्तारी से न्यायालय भेजे जाने तक का घटनाक्रम
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर की सूचना पर कोतरारोड पुलिस ने अरसीपाली चौक के पास कार्रवाई कर संजय बघेल को हिरासत में लिया और दोपहर 12:43 बजे थाना लाया गया। इसके बाद वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए 2:15 बजे उसकी गिरफ्तारी दर्ज की गई तथा इसकी सूचना उसके भाई अजय बघेल को दी गई।
पुलिस द्वारा जारी सीसीटीवी फुटेज में संजय बघेल को थाना परिसर में सामान्य रूप से बैठे हुए दिखाया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपित द्वारा पानी मांगने पर उसे पानी उपलब्ध कराया गया और अन्य बंदियों की तरह भोजन भी कराया गया। फुटेज में उसके परिजनों के साथ बातचीत करते हुए दृश्य भी दिखाई देने की बात कही गई है।
पुलिस ने मानवीय व्यवहार का किया दावा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपित के साथ किसी प्रकार की मारपीट या दुव्र्यवहार दिखाई नहीं देता। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी से लेकर मेडिकल परीक्षण, फिंगर प्रिंट प्रक्रिया और न्यायालय में पेशी के लिए रवाना किए जाने तक सभी प्रक्रियाएं नियमानुसार पूरी की गईं।
परिजनों के आरोपों की भी होगी जांच
मृतक के परिजनों ने संजय बघेल के साथ मारपीट किए जाने और आबकारी मामले में अवैध रूप से रुपये लेने के आरोप लगाए हैं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए संबंधित दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया है।
न्यायिक जांच जारी
पुलिस ने बताया कि 13 जून 2026 को हुई संजय बघेल की आकस्मिक मृत्यु के मामले की न्यायिक जांच जेएमएफसी रायगढ़ द्वारा की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की सच्चाई न्यायिक जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सामने आएगी।
फिलहाल, बंदी मृत्यु प्रकरण को लेकर जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

