मल्हार/बिलासपुर, 16 जून (आरएनएस)। अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मल्हार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 93 नग देसी प्लेन शराब, कुल 16 लीटर 740 मिलीलीटर शराब बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम ठाकुरदेवा में लंबे समय से अवैध शराब बिक्री की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान 15 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम ठाकुरदेवा निवासी अंजोर दास बंसल (35 वर्ष) अपने घर के पास अवैध रूप से शराब बेच रहा है।
सूचना की पुष्टि होने पर वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित कर ग्राम ठाकुरदेवा में दबिश दी गई। पुलिस ने आरोपी के घर के पास घेराबंदी की, जहां आरोपी शराब को छिपाने का प्रयास कर रहा था। इस दौरान पुलिस ने उसे मौके से 93 नग देसी प्लेन शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया।
बरामद शराब को विधिवत जप्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अवधेश सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज राजपूत, नुवास तिग्गा तथा आरक्षक रमेश साहू, किशन राय और विकास अंचल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
0

