कन्नूर,16 जून(आरएनएस)। केरलम के कन्नूर से सऊदी अरब के जेद्दा जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान मंगलवार को तकनीकी खराबी के कारण वापस लौट आई। विमान ने 180 से अधिक यात्रियों को लेकर कन्नूर हवाई अड्डे से सुबह 7:40 बजे उड़ान भरी थी, लेकिन 2 घंटे बाद पायलट ने तकनीकी खराबी का पता चलने के बाद वापस लौटने का फैसला किया। विमान को सुरक्षित तरीके से कन्नूर उतार दिया गया है। सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान के पायलटों ने इंजन में खराबी की चेतावनी बत्ती को जलता देखा, जिसके बाद उसे वापस लौटा लिया। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि विमान उतरने से पहले अतिरिक्त ईंधन जलाने और लैंडिंग के समय विमान का वजन कम करने के लिए कुछ समय तक हवा में ही रहा था। विमान उतारने के बाद उसका निरीक्षण किया गया, जिसमें विमान के ईंधन फिल्टर में खराबी पाई गई है।
अधिकारियों ने विमान को फिलहाल के लिए सेवा में लाने से मना कर दिया है और इसकी जांच शुरू की है। यात्रियों के लिए वैकल्पिक विमान का इंतजाम किया गया है। बता दें कि इससे पहले चेन्नई हवाई अड्डे से अबू धाबी जा रहे एतिहाद एयरवेज के विमान को तकनीकी खराबी के कारण प्रस्थान से पहले रद्द कर दिया गया था। उसमें 260 यात्री सवार होने थे।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

