जोधपुर ,16 जून(आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने कहा है कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश में सर्वांगिण विकास हुआ है. पूरी दुनिया में युद्ध का साया है, लेकिन भारत मजबूत स्थिति में खड़ा है. देश हर क्षेत्र में विकास की गति को बढ़ा चुका है. सबसे ज्यादा गरीबों को गरीबी से मुक्त करने का काम मोदी सरकर ने किया है. केंद्र सरकार ऐसा सिस्टम बना रही है, जिससे कोई पेपर लीक नहीं होगा.
मंगलवार को जोधपुर आए सूर्या ने एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि इस दौरान विशेष रूप से मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में देश आगे बढ़ा है. मोबाइल आज देश में बन रहा हैं, जबकि दस साल पहले सब विदेश से आता था, आज देश में ही एसेंबल हो रहा है. पिछले पांच से साल में कोरोना के प्रभाव व रूस व यूक्रेन के बीच युद्ध से सप्लाई व्यवस्था प्रभावित होने के बावजूद भारत मजबूती से आगे बढ़ रहा है.
उन्होंने कहा कि वो तीन बार जयपुर में गत सरकार के समय प्रदर्शन के लिए आए थे. तब यहां लगातार पेपर लीक हो रहे थे. कांग्रेस सरकार के बड़े स्तर पर मिलीभगत से ये 19 पेपर लीक हुए थे. जबसे भाजपा की सरकार बनी है एक भी ऐसा काम नहीं हुआ है. हमारी सरकार ने पेपर लीक से जुड़े 400 आरोपियों को जेल पहुंचाया है. केंद्र में ऐसे कानून ला रहे हैं, जिससे इस पर प्रभावी नियंत्रण भी होगा. हम आईआईटी जैसे संस्थानों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं. ऐसा तकनीकी सिस्टम खड़ा हो रहा है, जिससे आने वाले समय में देश में कहीं पर भी पेपर लीक नहीं होगा. यह युवाओं को सशक्त करने का ही काम है.
कॉकरोच जनता पार्टी के नेता के साथ जयपुर में हुई मारपीट के मामले पर सूर्या ने कहा कि उसमें शामिल लोगों से युवा मोर्चा का कोई लेना देना नहीं है. भारत में संविधानिक तरीके से प्रदर्शन की व्यवस्था है. किसी के साथ मारपीट सही नहीं है. यह किसी को शोभा नहीं देता है. इससे पहले सूर्या के जोधपुर पहुंचने पर जोधपुर भाजपा के जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल, युवामोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा सहित जोधपुर भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया. एयरपोर्ट से सूर्या काजरी सभागार के लिए रवाना हुए जहां वे प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करेंगे.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

