दुर्ग, 16 जून (आरएनएस)। दुर्ग जिले के थाना पुलगांव अंतर्गत चौकी जेवरा सिरसा पुलिस ने अवैध सट्टा गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम सिरसा खुर्द में सट्टा पट्टी लिखकर जुआ संचालन कर रही एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिया के कब्जे से 4,900 रुपये नकद, 14 सट्टा पट्टियां और एक डॉट पेन जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार 16 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सिरसा खुर्द स्थित छोटे तालाब के पास एक महिला आम लोगों से सट्टा लेकर सट्टा पट्टी लिख रही है। सूचना मिलते ही चौकी जेवरा सिरसा पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान एक महिला सट्टा पट्टी लिखते हुए मिली। पूछताछ में उसने अपना नाम शेख ईद बी (42 वर्ष), निवासी सिरसा खुर्द, चौकी जेवरा सिरसा, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से विभिन्न अंकों में लिखी 14 सट्टा पट्टियां, 4,900 रुपये नकद और एक डॉट पेन बरामद हुआ।
पुलिस ने जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर आरोपिया के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 6(2) के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपिया अवैध रूप से सट्टा पट्टी लिखकर आर्थिक लाभ अर्जित कर रही थी। पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अवैध जुआ, सट्टा या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

