0 उत्कृष्ट पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित
कांकेर, 16 जून (आरएनएस)। जिला उत्तर बस्तर कांकेर के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने थाना नरहरपुर का वार्षिक निरीक्षण कर पुलिसिंग व्यवस्था, प्रशासनिक कार्यों एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अभिलेख संधारण, अपराध विवेचना, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, अनुशासन तथा कर्मचारियों के कल्याण संबंधी व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी, विवेचकों एवं शाखा प्रभारियों से लंबित मामलों, अपराधों की विवेचना, शिकायतों के निराकरण, वारंट एवं समंस तामीली, प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियों, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा सामुदायिक पुलिसिंग गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने लंबित प्रकरणों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने तथा आमजन से बेहतर संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए।
अभिलेखों और रजिस्टरों की हुई जांच
एसपी ने थाना में संधारित अपराध पंजी, दैनिक डायरी, आगंतुक रजिस्टर, मालखाना रजिस्टर, वारंट एवं समंस रजिस्टर, सीसीटीएनएस अभिलेख सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों का निरीक्षण किया। रिकॉर्ड के अद्यतन संधारण और दस्तावेजों की शुद्धता पर विशेष ध्यान देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैरक, आवासीय परिसर और शस्त्रागार का निरीक्षण
पुलिस कर्मचारियों के बैरकों एवं आवासीय परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। वहीं शस्त्रागार और मालखाना का परीक्षण कर हथियारों के रखरखाव, सुरक्षा मानकों और जब्त संपत्तियों के संरक्षण की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।
‘मोर मितानÓ बीट आरक्षकों की कार्यप्रणाली की समीक्षा
थाना क्षेत्र में कार्यरत ‘मोर मितानÓ बीट आरक्षकों की जनसंपर्क गतिविधियों और बीट व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्हें क्षेत्र में सतत भ्रमण करने तथा अपराध नियंत्रण में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए।
कर्मचारियों और नागरिकों से किया संवाद
निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यक्तिगत चर्चा कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली। साथ ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात कर कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का सम्मान
वार्षिक निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट कार्य निष्पादन, अनुशासन, स्वच्छता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। एसपी निखिल राखेचा ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित और जनसुविधा अनुकूल बनाए रखने तथा थाना आने वाले नागरिकों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

