बालोतरा,16 जून(आरएनएस)। राजस्थान के बालोतरा जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. जहां रोडवेज बस और कार के बीच भीषण भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. बालोतरा एसपी रमेश कुमार ने बताया कि रोडवेज बस और कार के बीच दुर्घटना हुई है. पुलिस टीम मौके पर पहुंची है. जांच पड़ताल की जा रही है.
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग वाहन के अंदर ही फंस गए. मृतक रिश्ते में भाई बताई जा रहे हैं. हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाने के साथ ही मृतकों के शवो को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर के जांच शुरू कर दी है. कार में सवार सभी भाई किसी काम से घर से निकले थे. इस दौरान पटौदी के नजदीक अचानक सामने से आ रही रोडवेज बस से टक्कर हो गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा तफरी का माहौल बन गया. दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को आनन फानन में बाहर निकाल कर उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. जहां पर चिकित्सकों ने जांच के बाद चार लोगों को मृत घोषित कर दिया. हादसे की खबर के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई है. मृतकों की पहचान जोगाराम (31), विशनाराम (29), रेखाराम (35) और उदाराम (39) जाति मेघवाल के रूप में हुई है. सभी मृतक कोडूका गांव के निवासी थे. पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. वहीं घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण और परिजनों ने पाटोदी सड़क पर जाम लगा दिया ओर पुलिस ओर प्रशासन से ग्रामीणों ने ड्राइवर की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग कर रहे हैं. सूचना पर पचपदरा थाना अधिकारी गीता कुमारी मौके पर पहुंचीं, जहां गांव वालों से समझाइश की जा रही है.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

