नई दिल्ली,17 जून(आरएनएस)। दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार में देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा. एच ब्लॉक में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई. वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.
दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार इलाके का एच ब्लॉक देर रात गोलियों की आवाज से गूंज उठा. अज्ञात बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. युवक की मौके पर ही मौत हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक कई राउंड फायरिंग की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. लोग डर के कारण अपने घरों में दुबक गए और कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं. पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की गई और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए. वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है. प्राथमिक जांच में पुलिस आपसी रंजिश और गैंगवार के एंगल को भी खंगाल रही है. हालांकि अधिकारी अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रहे हैं और सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है.
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान के लिए छापेमारी कर रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.
संगम विहार में हुई इस सनसनीखेज हत्या ने एक बार फिर इलाके की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल सबकी नजर पुलिस जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी है.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

