0 दो दिन से लापता पति-पत्नी की तलाश के दौरान हुआ खुलासा, पुलिस जांच में जुटी
गरियाबंद, 17 जून (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद के बाद पति-पत्नी ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। दोनों के शव घर से करीब 200 मीटर दूर जंगल में अलग-अलग पेड़ों पर फांसी के फंदे से लटके मिले। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मामला पायलीखंड थाना क्षेत्र का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जयराम नागेश (65 वर्ष) और उनकी पत्नी वेदमती (45 वर्ष) रविवार से लापता थे। मंगलवार देर शाम ग्रामीणों और परिजनों द्वारा की गई तलाश के दौरान दोनों के शव जंगल में अलग-अलग पेड़ों पर लटके हुए मिले। दोनों शवों के बीच लगभग 20 से 30 मीटर की दूरी बताई जा रही है।
विवाद के बाद घर से निकले थे दोनों
थाना प्रभारी यदुराज ठाकुर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। रविवार दोपहर भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद के बाद जयराम घर से निकल गए थे। काफी समय तक वापस नहीं लौटने पर उनकी पत्नी वेदमती भी घर से निकल गई थीं।
परिजनों के अनुसार, दोनों का विवाद के बाद घर छोड़कर चले जाना पहले भी होता रहा था, इसलिए शुरुआत में किसी ने ज्यादा चिंता नहीं की। लेकिन 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी दोनों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
दो दिन बाद जंगल में मिले शव
परिजनों और ग्रामीणों ने पहले आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की। जब कहीं पता नहीं चला तो जंगल में तलाश अभियान चलाया गया। इसी दौरान मंगलवार शाम दोनों के शव पेड़ों पर फंदे से लटके हुए मिले।
प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि पति द्वारा आत्मघाती कदम उठाने के बाद पत्नी ने भी अपनी साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली होगी। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का खुलासा जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
मर्ग कायम, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पायलीखंड पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दंपति के दो विवाहित बेटे हैं, जिनसे भी पूछताछ की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

