झारखंड, बिहार, बंगाल और ओडिशा में थी आतंक का नाम
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में माओवादी नेटवर्क को एक और बड़ा झटका लगा है। लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस की रडार पर रहीं शीर्ष माओवादी नेता पुष्पा उर्फ शाकुंतला महतो ने महानगर के लाल बाजार स्थित कोलकाता पुलिस मुख्यालय में आत्मसमर्पण (सरेंडर) कर दिया है। पुलिस कमिश्नर अजय नंद सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में हुए इस आत्मसमर्पण को जंगलमहल और आस-पास के इलाकों में माओवादी गतिविधियों को कमजोर करने की दिशा में राज्य पुलिस और खुफिया तंत्र की एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पश्चिम मेदिनीपुर के बेलपहाड़ी क्षेत्र की रहने वाली पुष्पा वर्ष 2001 में, जब वह पांचवीं कक्षा में पढ़ रही थीं, तभी माओवादी विचारधारा से प्रभावित होकर संगठन में शामिल हो गई थीं। शुरुआत में वह संगठन की सांस्कृतिक इकाई से जुड़ी थीं और गीत, प्रचार सामग्री तथा पर्चों के जरिए संगठन को मजबूत करने का काम करती थीं। समय के साथ उनका प्रभाव बढ़ता गया और वह सशस्त्र दस्तों की अहम सदस्य बन गईं।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, पुष्पा लंबे समय तक झारखंड, बिहार और ओडिशा के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय रहीं। कई अभियानों और संगठन के नेटवर्क को मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। बाद में माओवादी नेता मिसिर बेसरा के निर्देश पर उनकी गतिविधियां सारंडा के जंगलों तक फैल गई थीं। कोलकाता पुलिस के संयुक्त आयुक्त अजय नंद ने बताया कि शकुंतला दलमा स्क्वॉड की जोनल कमेटी सदस्य थीं और वर्ष 2001 से संगठन में सक्रिय थीं। आत्मसमर्पण के बाद मीडिया से बातचीत में पुष्पा ने कहा कि सरकार की पुनर्वास योजना, आवास, रोजगार और सामाजिक सम्मान के भरोसे ने उन्हें नई जिंदगी शुरू करने का साहस दिया। उन्होंने अपने पुराने साथियों से भी हथियार छोडऩे की अपील करते हुए कहा- “हिंसा और बंदूक के रास्ते में कोई भविष्य नहीं है। शांतिपूर्ण और सामान्य जीवन ही सबसे बड़ा विकल्प है।”
राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों के जानकारों का मानना है कि पुष्पा उर्फ शकुंतला का आत्मसमर्पण जंगलमहल क्षेत्र में बचे हुए माओवादी नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि माओवादी नेता मिसिर बेसरा अब भी सारंडा के जंगलों में अपने कुछ साथियों के साथ सक्रिय है और सुरक्षा एजेंसियां लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।

