धमतरी,17 जून (आरएनएस)। जिले में एसपी के निर्देश पर अवैध शराब, मादक पदार्थ, जुआ-सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अर्जुनी एवं कुरूद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 54 पौवा देशी शराब एवं बिक्री रकम सहित मशरूका जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में अवैध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा थाना एवं चौकी प्रभारियों को ऐसे मामलों में सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।इसी क्रम में थाना अर्जुनी पुलिस को सूचना मिली कि बलियारा-शंकरदाह रोड स्थित सार्वजनिक शौचालय के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बिक्री कर रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया। तलाशी के दौरान 41 पौवा देशी प्लेन शराब, कीमत 3,280 रुपये, बरामद की गई। इस मामले में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर पतासाजी की जा रही है।वहीं दूसरी कार्रवाई में थाना कुरूद पुलिस ने ग्राम मरौद स्थित पिपरिहा तालाब के पास दबिश देकर एक आरोपी को अवैध शराब बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी कामता महिलाकर (36 वर्ष), निवासी ग्राम मरौद, थाना कुरूद के कब्जे से 13 पौवा देशी शराब (कीमत 1,040 रुपये) एवं बिक्री रकम 640 रुपये सहित कुल 1,680 रुपये का मशरूका जब्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(1)(ख) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

