मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर,17 जून (आरएनएस)। (छत्तीसगढ़)। सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीएससी सेंटर में छत तोड़कर चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा चोरी की रकम से खरीदे गए 2 नग मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वहीं एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।पुलिस अधीक्षक एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी गोविन्द कुमार राय, निवासी स्कूलपारा ग्राम पेण्ड्री, थाना सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह ग्राम पेण्ड्री में गोविन्द सीएससी सेंटर संचालित करता है। 14 जून को शाम लगभग 7 बजे दुकान बंद कर घर जाने के बाद जब वह रात करीब 9:30 बजे वापस पहुंचा तो दुकान का सामान बिखरा हुआ था और छत की सीट टूटी हुई मिली। जांच करने पर काउंटर की दराज से लगभग 35,000 रुपये नकद चोरी होना पाया गया।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल निरीक्षण, तकनीकी साक्ष्य एवं गवाहों के आधार पर ग्राम पेण्ड्री निवासी अविनाश सिंह उर्फ धीरज (18 वर्ष) तथा एक 17 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक पर संदेह हुआ। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम से खरीदे गए 2 मोबाइल फोन बरामद किए। आरोपी अविनाश सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं नाबालिग को किशोर न्याय अधिनियम के तहत किशोर न्याय बोर्ड बैकुण्ठपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया।पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

