रुद्रपुर 17 जून (आरएनएस)। नीट यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जाएगी। शासन के निर्देश पर परिवहन निगम ने सभी मंडलीय प्रबंधकों और डिपो सहायक महाप्रबंधकों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। आदेश के अनुसार, यह सुविधा केवल उत्तराखंड के स्थायी निवासी उन अभ्यर्थियों को मिलेगी, जिन्हें पुनर्परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी किया गया है। अभ्यर्थी 19 जून से 23 जून 2026 तक निगम की साधारण श्रेणी की बसों में अपने परीक्षा केंद्र तक आने-जाने के लिए मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। परीक्षा केंद्र तक जाने की यात्रा परीक्षा तिथि से दो दिन पहले से परीक्षा दिवस तक और वापसी यात्रा परीक्षा समाप्ति के दो दिन के भीतर करनी होगी। यह सुविधा केवल एक बार के आवागमन के लिए मान्य होगी। अभ्यर्थियों को बस में यात्रा के दौरान प्रवेश पत्र दिखाना होगा। प्रवेश पत्र की हार्ड कॉपी के साथ मोबाइल में उपलब्ध सॉफ्ट कॉपी भी मान्य रहेगी। परिवहन निगम ने परिचालकों को ई-टिकट मशीन में विशेष श्रेणी के तहत अभ्यर्थियों का रोल नंबर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। यदि तकनीकी कारणों से यह विकल्प उपलब्ध न हो तो वे-बिल पर अभ्यर्थी का नाम, रोल नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज किया जाएगा।
परिवहन निगम ने सभी डिपो अधिकारियों को निर्देशित किया है कि परीक्षा अवधि के दौरान बसों का संचालन सुचारू रखा जाए और अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए आवश्यकता पडऩे पर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

