उत्तरकाशी 17 जून (आरएनएस)। नगर पालिका क्षेत्र के कालेश्वर और जोशियाड़ा वार्डों में वर्षों से बनी जलभराव की समस्या पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। वार्ड के लोगों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सात दिनों के भीतर समस्या के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो वे कलक्ट्रेट परिसर में ढोल-दमाऊं के साथ धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे।
बुधवार को बड़ी संख्या में जोशियाड़ा क्षेत्र के लोग कलक्ट्रेट पहुंचे और भटवाड़ी के एसडीएम से मुलाकात कर जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मानसून का मौसम सिर पर है लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। कहा कि कि बरसात के दौरान नालियों का पानी और वर्षा जल घरों में घुस जाता है, जिससे घरेलू सामान को भारी नुकसान पहुंचता है। साथ ही आम जनजीवन प्रभावित हो जाता है। सभासद सुनीता नेगी, आशीष नेगी, कुसुम भंडारी, भूरी देवी सहित अन्य लोगों ने कहा कि शासन स्तर से सिंचाई विभाग की डीपीआर को स्वीकृति मिल चुकी है, इसके बावजूद सिंचाई विभाग और नगर पालिका निर्माण कार्य शुरू करने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय उदासीनता के कारण वार्ड के लोगों को हर वर्ष जलभराव की समस्या झेलने को मजबूर हैं। उन्होंने ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समयावधि में कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई तो जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

