महासमुंद, 18 जून (आरएनएस)। महासमुंद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी गई करीब 2 लाख रुपये मूल्य की ट्रैक्टर-ट्रॉली भी बरामद कर ली है। मामले के खुलासे में पुलिस की सक्रियता, साइबर तकनीक और मुखबिर तंत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार ग्राम भलेसर निवासी उमेश सिन्हा ने थाना महासमुंद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके पिता तुकाराम सिन्हा का आईचर ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 06 जीएम 0256 तथा नीले रंग की ट्रैक्टर-ट्रॉली 13 जून की रात गांव स्थित बियारा में खड़ी थी। 14 जून की सुबह ट्रैक्टर और ट्रॉली गायब मिले। शिकायत के आधार पर थाना महासमुंद में अपराध क्रमांक 359/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर अज्ञात आरोपी की तलाश के लिए मुखबिर लगाए और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान गांव के ही राहुल देव कुर्रे पर संदेह हुआ। पूछताछ में वह शुरुआत में पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
आरोपी ने बताया कि उसने ट्रैक्टर और ट्रॉली चोरी कर ग्राम बासिन में छिपाकर रखी थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर ली। इसके बाद 17 जून को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल देव कुर्रे (25 वर्ष), निवासी सतनामी पारा, ग्राम भलेसर, थाना एवं जिला महासमुंद के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 2 लाख रुपये मूल्य की ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद की है।
महासमुंद पुलिस ने कहा कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी है तथा अपराधियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

