धमतरी, 18 जून (आरएनएस)। मरौद टोल प्लाजा के पास एक ट्रक चालक के साथ कथित मारपीट और अनुचित व्यवहार के मामले में धमतरी पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने सख्त कार्रवाई करते हुए थाना कुरूद में पदस्थ आरक्षक पवन बर्मन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन रूद्री अटैच कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की प्राथमिक जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस विभाग की छवि, अनुशासन और आमजन के विश्वास को बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय-समय पर आवश्यक निर्देश दिए जाते रहे हैं। इसके बावजूद थाना प्रभारी कुरूद द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन में जानकारी दी गई कि आरक्षक पवन बर्मन द्वारा मरौद टोल प्लाजा के पास एक ट्रक चालक के साथ अनुचित व्यवहार एवं मारपीट किए जाने की सूचना प्राप्त हुई है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार संबंधित आरक्षक अपने ड्यूटी स्थल से भी अनुपस्थित पाया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने प्रथम दृष्टया इसे विभागीय अनुशासन, सेवा आचरण नियमों और पुलिस विभाग की गरिमा के विपरीत माना।
इसी आधार पर आरक्षक पवन बर्मन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन रूद्री अटैच कर दिया गया है। साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष प्राथमिक जांच के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने स्पष्ट किया है कि जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और आमजन के साथ अनुचित व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
0

