राजनांदगांव, 18 जून (आरएनएस)। थाना घुमका पुलिस ने महिला की निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर उसकी निजता भंग करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लगातार फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर पीडि़ता की अश्लील एवं निजी तस्वीरें तथा वीडियो साझा कर रहा था।
पुलिस के अनुसार पीडि़ता ने थाना घुमका में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके नाम से फेसबुक आईडी बनाकर उसकी अश्लील और निजी तस्वीरें, वीडियो तथा मोबाइल नंबर सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे हैं। शिकायत के आधार पर थाना घुमका में अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई।
मामला महिला से संबंधित होने के कारण इसकी सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा एसडीओपी डोंगरगांव मंजूलता बाज के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी की लोकेशन राजनांदगांव रेलवे स्टेशन के आसपास मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर फोटो और वीडियो वायरल करने की बात स्वीकार कर ली।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मारपल्ली राकेश (27 वर्ष), निवासी अलीपुर, थाना जहीराबाद, जिला संगारेड्डी (तेलंगाना) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 18 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से महिलाओं की निजता भंग करने, अश्लील सामग्री प्रसारित करने और साइबर अपराध करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
0

