अयोध्या,18 जून(आरएनएस)। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दान राशि की चोरी को लेकर चल रहे भारी विवाद के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या के दौरे पर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री यहां रामलला के दर्शन-पूजन करेंगे। हालांकि, इस दौरे से जुड़ी एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मंदिर ट्रस्ट के सबसे शक्तिशाली व्यक्ति और महासचिव चंपत राय को मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम से दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएम के प्रोटोकॉल लेटर से चंपत राय बाहर
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर जो आधिकारिक प्रोटोकॉल पत्र जारी किया गया है, उसके बिंदु संख्या 29 में स्पष्ट रूप से चंपत राय का जिक्र है। इस पत्र में उनसे अनुरोध किया गया है कि वे मुख्यमंत्री के राम मंदिर कार्यक्रम में खुद शामिल होने के बजाय किसी अन्य व्यक्ति को अपना प्रतिनिधि बनाकर भेजें और इसकी जानकारी ड्यूटी मजिस्ट्रेट को दें। यह फैसला बेहद अप्रत्याशित माना जा रहा है क्योंकि अब तक मंदिर में हुए हर छोटे-बड़े वीआईपी कार्यक्रम में चंपत राय हमेशा प्रमुखता से मौजूद रहे हैं।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

