जशपुरनगर, 19 जून (आरएनएस)। जशपुर वनमंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे बीज गोला बनाबो-जशपुर के जंगल ला बढ़ाबो अभियान के तहत जिले में 2 लाख से अधिक सीडबॉल का रोपण किया गया। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर मानव श्रृंखला बनाकर सामूहिक रूप से सीडबॉल फैलाए गए।
रोपण कार्य मनोरा परिक्षेत्र के ग्राम सोगड़ा स्थित भैरव पहाड़, कुनकुरी परिक्षेत्र के हनुमान टेकरी तथा पत्थलगांव परिक्षेत्र के ग्राम ईला में किया गया। अभियान में जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, स्व-सहायता समूहों, ग्रामीणों तथा स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वन विभाग के अनुसार सीडबॉल तकनीक पर्यावरण संरक्षण की एक प्रभावी और प्रकृति अनुकूल पद्धति है। इसमें स्थानीय प्रजातियों के बीजों को मिट्टी और जैविक पदार्थ के मिश्रण से बने गोलों में तैयार कर बंजर एवं दुर्गम क्षेत्रों में फैलाया जाता है। मानसून की बारिश शुरू होने पर ये सीडबॉल स्वत: अंकुरित होकर पौधों का रूप ले लेते हैं। इससे उन क्षेत्रों में भी हरियाली विकसित की जा सकती है, जहां पारंपरिक पौधरोपण संभव नहीं होता। अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता भी रही। पत्थलगांव परिक्षेत्र में विधायक एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय मुख्य अतिथि रहीं। कुनकुरी में जनपद अध्यक्ष सुशीला सिंह और पूर्व उपाध्यक्ष उपेन्द्र यादव शामिल हुए, जबकि मनोरा के सोगड़ा भैरव पहाड़ में कार्यक्रम की अध्यक्षता बाबा संभव राम जी ने की। इस दौरान प्रतिभागियों ने अधिकाधिक वृक्षारोपण और उनके संरक्षण का संकल्प लिया तथा जलवायु परिवर्तन और वनों के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। वनमंडलाधिकारी शशि कुमार (भारतीय वन सेवा) ने बताया कि बीज गोला बनाबो-जशपुर के जंगल ला बढ़ाबो अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने जिलेवासियों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान में जुडऩे की अपील की। उनके अनुसार इस पहल से युवाओं, विद्यार्थियों और ग्रामीणों में प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ी है तथा जिले का हरित आवरण लगातार मजबूत हो रहा है।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

