जशपुरनगर, 19 जून (आरएनएस)। बच्चा चोरी प्रकरण में जिला अस्पताल की लापरवाही और सीसीटीवी कैमरे बंद होने की चर्चाओं के बीच अस्पताल प्रबंधन ने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि घटना के समय अस्पताल के अधिकांश सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह सक्रिय थे और जांच के लिए आवश्यक फुटेज उसी दिन पुलिस को उपलब्ध करा दी गई थी।
सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक ने बताया कि मातृ एवं शिशु अस्पताल तथा जिला अस्पताल जशपुर में लगे अधिकांश कैमरे सुचारू रूप से कार्य कर रहे थे। केवल कुछ कैमरे तकनीकी कारणों से अस्थायी रूप से बंद थे, जबकि अस्पताल परिसर और महत्वपूर्ण स्थानों पर लगे अन्य सभी कैमरे चालू स्थिति में थे। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, 13 जून 2026 को घटना की जांच के दौरान मातृ एवं शिशु अस्पताल परिसर और ओपीडी क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की गई। इसमें संदिग्ध महिला, बच्चे के माता-पिता और परिजनों की गतिविधियों से जुड़े सभी जरूरी कैमरों की रिकॉर्डिंग उपलब्ध मिली।
प्रबंधन ने बताया कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज और आवश्यक दस्तावेज उसी दिन पुलिस को सौंप दिए गए थे, ताकि जांच में किसी प्रकार की बाधा न आए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और संदिग्ध महिला की तलाश के लिए इश्तहार भी जारी किया जा चुका है। अस्पताल प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सीसीटीवी निगरानी प्रणाली नियमित रूप से संचालित की जाती है तथा तकनीकी खराबी वाले कैमरों का समय-समय पर सुधार भी कराया जाता है।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

