बिलासपुर, 19 जून (आरएनएस)। बिल्हा पुलिस ने क्रेशर संचालकों और ट्रक चालकों से अवैध वसूली कर दहशत फैलाने वाले हिस्ट्रीशीटर बदमाश सत्यप्रकाश उर्फ सत्या उर्फ प्रदीप घृतलहरे (44) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर साथियों के साथ मिलकर मारपीट, धमकी और अवैध उगाही करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 16 जून को ग्राम पंचायत दुर्गडीह के पास आरोपी अपने भाई और अन्य साथियों के साथ टेंट लगाकर आने-जाने वाले वाहनों को रोक रहा था। आरोप है कि वह क्रेशर में चलने वाले ट्रकों की रॉयल्टी जांचने के नाम पर चालकों से जबरन पैसे मांगता था। विरोध करने पर ट्रक चालकों के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी गई। आरोपी कथित तौर पर यह कहकर लोगों में भय पैदा कर रहा था कि जब तक पैसा नहीं दोगे, गाडिय़ां नहीं चलेंगी और शासन-प्रशासन उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। घटना की शिकायत मिलने के बाद बिल्हा पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर सिरगिट्टी क्षेत्र में घेराबंदी कर हिस्ट्रीशीटर सत्यप्रकाश घृतलहरे को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ अवैध उगाही और मारपीट की घटना स्वीकार कर ली।
पुलिस ने घटनास्थल से टेंट और कुर्सियां भी जब्त की हैं। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

