जशपुरनगर, 19 जून (आरएनएस)। पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, जशपुर ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 11वीं विज्ञान संकाय की रिक्त सीटों पर लेटरल एंट्री (पाश्र्व चयन) के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। पात्र एवं इच्छुक विद्यार्थी 25 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार आवेदन पत्र विद्यालय कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। साथ ही आवेदन पत्र विद्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड कर निर्धारित तिथि तक कार्यालय में जमा किया जा सकता है।
० कौन कर सकता है आवेदन?
प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का वर्ष 2025-26 में किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कक्षा 10वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। कुल अंकों में कम से कम 60 प्रतिशत अंक होने चाहिए। विज्ञान संकाय में प्रवेश के लिए कक्षा 10वीं में विज्ञान और गणित दोनों विषयों में न्यूनतम 60-60 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 जून 2009 से 31 जुलाई 2011 के बीच होनी चाहिए तथा उसने वर्ष 2025-26 में जशपुर जिले के किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय से कक्षा 10वीं पास की हो।
० मेरिट के आधार पर होगा चयन
विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी। चयन कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर किया जाएगा। मेरिट सूची तैयार करते समय सीबीएसई बोर्ड के विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके बाद रिक्त सीटों के अनुसार अन्य बोर्ड, जैसे छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, के विद्यार्थियों के आवेदनों पर विचार किया जाएगा। विद्यालय प्रशासन ने सभी पात्र विद्यार्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना आवेदन करने की अपील की है। प्रवेश संबंधी अधिक जानकारी के लिए अभिभावक एवं विद्यार्थी 8127790164, 9507106699 और 8969918501 पर संपर्क कर सकते हैं।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

