बलौदाबाजार, 19 जून (आरएनएस)। अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने लोगों से अपने घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि आधुनिक तकनीक की मदद से सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है और इसमें आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है।
पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी कैमरा एक ऐसी ‘तीसरी आंखÓ है, जो 24 घंटे घर और दुकान पर नजर रखती है। इससे संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने के साथ-साथ किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में महत्वपूर्ण साक्ष्य भी उपलब्ध हो जाते हैं।
० सीसीटीवी लगाने के प्रमुख फायदे
अपराधों पर रोक: कैमरे लगे होने से असामाजिक तत्व और चोर वारदात करने से बचते हैं।
लाइव मॉनिटरिंग: मोबाइल के जरिए कहीं से भी घर या दुकान की निगरानी की जा सकती है।
मजबूत साक्ष्य: चोरी, विवाद या अन्य घटनाओं में सीसीटीवी फुटेज पुलिस जांच का अहम सबूत बनती है।
त्वरित कार्रवाई: फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में आसानी होती है।
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी और अपने आसपास की सुरक्षा के लिए घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। पुलिस ने कहा कि सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की साझी जिम्मेदारी है। सजग रहें, सुरक्षित रहें।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

