रायपुर,19 जून(आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के खर्वे गांव में हुई आठ रहस्यमयी मौतों की पड़ताल में कई चौंकाने वाले राज सामने आए हैं। इस पूरे मामले में गांव के ही किराना व्यवसायी रामसाय जायसवाल (45 वर्ष) पर संदेह जताया जा रहा है, जिसकी अजीबो-गरीब हरकतें और बातें अब जांच के दायरे में हैं। संदेही रामसाय अक्सर गांव के युवाओं के बीच बैठकर बड़ी-बड़ी और हिंसक बातें किया करता था।
ग्रामीणों के अनुसार उसकी एक खतरनाक योजना थी कि पैरावट के बीच गैस सिलिंडर रखकर आग लगा देना, जब लोग आग बुझाने आएंगे, तो धमाका होगा और सब मर जाएंगे। वह अक्सर युवाओं से कहता था, किसी के ट्रैक्टर में आग लगा दो। सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि गांव में लगातार हो रही इन मौतों के बारे में बात करते हुए वह खुश होता था।
गांव के युवा उमेश नवरंगे के बयान में बेहद चौंकाने वाली बात सामने आई है, जो रामसाय की खतरनाक साजिशों की पुष्टि करता है। उमेश ने कहा कि जब मैं रामसाय की दुकान पर गुटखा खरीदने गया, तो उसने मुझसे कहा कि महेतरू की मौत के पीछे गांव के लोग मुझे ही जिम्मेदार मान रहे हैं। उसकी लाश को बुलडोजर से खुदवाकर कहीं और ठिकाने लगाना पड़ेगा।
उमेश नवरंगे ने कहा कि दुकानदार लगातार मुझसे किसी के ट्रैक्टर में आग लगाने, तो किसी की खड़ी फसल पर खरपतवार नाशक (सफाचट) छिड़ककर उसे बर्बाद करने के लिए कहता था। पैरावट के बीच गैस सिलिंडर छिपाकर आग लगाने की बात भी वह अक्सर दोहराता था। हम लोग उस समय उसकी इन खौफनाक साजिशों को भांप नहीं पाए और उसकी बातों को हंसी-मजाक समझकर नजरअंदाज करते रहे, जिसका इतना भयानक अंजाम होगा, हमने कभी सोचा नहीं था।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

