धमतरी, 19 जून (आरएनएस)। अवैध ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग प्रकरणों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आईपीएल और अन्य क्रिकेट मैचों में ऑनलाइन सट्टा संचालन से जुड़े नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में जिले में अवैध जुआ, ऑनलाइन सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना सिटी कोतवाली धमतरी द्वारा दर्ज दो मामलों की विवेचना के दौरान महत्वपूर्ण सफलता मिली।
पहले मामले में अपराध क्रमांक 107/2026 के तहत जांच के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन में तुषार यादव उर्फ सुजल (22 वर्ष), निवासी रिसाईपारा, धमतरी की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस मामले में पूर्व में शंकर मंगलानी और मनमोहन पटेल उर्फ छोटू पटेल की गिरफ्तारी हो चुकी है।
वहीं दूसरे मामले अपराध क्रमांक 98/2026 की जांच के दौरान पहले से गिरफ्तार आरोपी आयुष वाधवानी से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अमित नेभानी (46 वर्ष), निवासी तेलीबांधा, रायपुर की भूमिका सामने आई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
जांच में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपी विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और एक्सचेंज वेबसाइटों के माध्यम से आईपीएल तथा अन्य क्रिकेट मैचों में हार-जीत पर दांव लगवाकर अवैध ऑनलाइन सट्टा संचालन कर रहे थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों और इसके व्यापक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध जुआ, ऑनलाइन सट्टा और साइबर माध्यम से संचालित गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी कठोर और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
0

