0-अगली सुनवाई 1 जुलाई को
नई दिल्ली,19 जून(आरएनएस)। दिल्ली हाईकोर्ट ने फिल्म अभिनेता सलमान खान की फिल्म काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी की रिलीज पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका पर तत्काल कोई भी राहत देने से इनकार कर दिया है. जस्टिस मधु जैन की बेंच ने सलमान खान को निर्देश दिया कि वो याचिका की प्रति फिल्म के निर्माता को उपलब्ध कराएं. वहीं, अब इस मामले की अगली सुनवाई 1 जुलाई 2026 को होगी.
सुनवाई के दौरान सलमान खान की ओर से पेश वकील निजाम पाशा ने कहा कि फिल्म याचिकाकर्ता की अनुमति के बिना उनके जीवन पर बनाया गया है. उन्होंने कहा कि फिल्म का ट्रेलर और पोस्टर रिलीज किया जा चुका है. हालांकि, अभी फिल्म की रिलीज की डेट नहीं बताई गई है. सुनवाई के दौरान फिल्म निर्माता की ओर से कहा गया कि उन्हें याचिका की पूरी प्रति अभी उपलब्ध नहीं कराई गई है, इसलिए कोई भी अंतरिम आदेश पारित नहीं किया जाए. उसके बाद कोर्ट ने कोई भी अंतरिम आदेश पारित नहीं किया. सलमान खान को निर्देश दिया कि वो याचिका की पूरी प्रति फिल्म निर्माता को उपलब्ध कराएं.
याचिका में सलमान खान ने कहा है कि ये फिल्म 1998 में उनसे जुड़े काला हिरण के शिकार से संबंधित है. इस फिल्म के प्रदर्शन से उनके व्यक्तित्व के अधिकारों का उल्लंघन होगा. याचिका में कहा गया है कि फिल्म काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी के निर्माता ने फिल्म में उसके हमशक्ल का इस्तेमाल किया है और वह जो ब्रासलेट पहनता है वैसा ही ब्रासलेट भी पहने हुए दिखाया गया है. याचिका में कहा गया है कि फिल्म के निर्माता फिल्म के प्रमोशन के दौरान सलमान खान के नाम का दुरुपयोग कर रहे हैं.
याचिका में कहा गया है कि फिल्म के रिलीज के बाद काला हिरण के शिकार से जुड़े मामले पर भी असर पड़ सकता है और इससे उसकी छवि पर खराब असर पड़ सकता है. याचिका में कहा गया है कि सलमान खान ने फिल्म के निर्माता को कानूनी नोटिस भेजा था, जिसमें फिल्म के प्रमोशन और रिलीज को रोकने की मांग की गई थी. कानूनी नोटिस में कहा गया था कि काला हिरण के शिकार का मामला अभी राजस्थान हाईकोर्ट में लंबित है. ऐसे में अगर इस मामले में कोई भी सनसनी पैदा की जाएगी तो केस के ट्रायल पर असर पड़ सकता है.
बता दें कि विवादों के बीच फिल्म काला हिरण-द बैटल फॉर लेगेसी का फर्स्ट लुक रिलीज कर दिया गया है. फिल्म में काला हिरण के शिकार से जुड़े मामले और उससे संबंधित कोर्ट की सुनवाई के दृश्यों को फिल्माया गया है. फिल्म में सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई के बीच की शत्रुता को भी दर्शाया गया है. विवादों से बचने के लिए फिल्म निर्माता ने फिल्म में सलमान से प्रेरित किरदार को अयान खान और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से प्रेरित किरदार को लॉयन बिश्नोई नाम दिया है. फिल्म का निर्देशन भरत एस श्रीनेत ने किया और इसे प्रोड्यूस अमित जानी ने किया है.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

