० अवैध शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त, आरोपियों को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
रतनपुर, 19 जून (आरएनएस)। बिलासपुर जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस ने अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शराब कोचियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 30 पाव देशी प्लेन शराब तथा परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों के कारोबारियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रतनपुर उपनिरीक्षक विष्णु यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
दिनांक 18 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति रानीगांव शराब भ_ी से भारी मात्रा में देशी शराब लेकर बिक्री के लिए मोटरसाइकिल से जा रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने खंडोबा मंदिर के पास घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 30 पाव देशी प्लेन शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 2,400 रुपये है, बरामद की गई। साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रमोद यादव (37 वर्ष) एवं मोहन निर्मलकर (40 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम मोहदा, थाना रतनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विष्णु यादव, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली तथा आरक्षक देवानंद चंद्राकर और हरीशंकर चंद्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

