० शराब सिंडिकेट चलाने वाला आदतन कोचिया नरेश मल्होत्रा गिरफ्तार, 52 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति बरामद
महासमुंद, 19 जून (आरएनएस)। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने ग्राम देवरी (कोमाखान) में छापेमार कार्रवाई कर 26 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की है। इस दौरान शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन एवं बिक्री रकम सहित कुल 52 हजार 200 रुपये की संपत्ति बरामद की गई। पुलिस ने अवैध शराब कारोबार से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम देवरी के मुक्तिधाम के पास एक व्यक्ति ओडिशा राज्य निर्मित हिरण छाप महुआ शराब बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर अमीर बक्स कुरैशी (59 वर्ष) को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 130 पाउच महुआ शराब, कुल 26 लीटर कीमत लगभग 5,200 रुपये तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि यह शराब कोमाखान क्षेत्र के कुख्यात शराब कोचिया नरेश मल्होत्रा की है, जिसने उसे 500 रुपये मजदूरी देकर शराब बेचने के लिए लगाया था। जांच में नरेश मल्होत्रा की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार नरेश मल्होत्रा आदतन अपराधी है और कोमाखान क्षेत्र में अवैध शराब का सिंडिकेट संचालित कर रहा था। उसके खिलाफ पूर्व में भारतीय दंड संहिता, आबकारी अधिनियम एवं प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत 20 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
कार्रवाई के दौरान 26 लीटर महुआ शराब, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन तथा अन्य सामग्री सहित कुल 52,200 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
महासमुंद पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस के अनुसार अभियान की शुरुआत से अब तक 9,024.195 लीटर अवैध शराब जब्त की जा चुकी है, जिसकी कुल कीमत 24 लाख 73 हजार 209 रुपये आंकी गई है। वहीं 689 प्रकरणों में 778 व्यक्तियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

