० 9.9 बल्क लीटर शराब, बिक्री रकम और पल्सर बाइक जब्त, आरोपी को भेजा गया जेल
राजनांदगांव, 19 जून (आरएनएस)। नशा मुक्त अभियान के तहत चौकी चिखली पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9.9 बल्क लीटर देशी शराब, बिक्री की नकदी तथा शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में जिले में अवैध शराब, गांजा तस्करी और असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 19 जून को सूचना मिली कि ग्राम बोरी स्थित शीतला तालाब पार के पास गुलशन ताम्रकर नामक युवक मोटरसाइकिल में शराब रखकर अवैध रूप से बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही चौकी चिखली पुलिस ने टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी की पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 14 एमआर 5313 की सीट के नीचे रखी बोरी से 40 पौवा सुपर-36 देशी शराब तथा 15 पौवा शोले देशी मसाला शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 9.900 बल्क लीटर तथा कीमत लगभग 4,700 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा बिक्री से प्राप्त 320 रुपये नकद और करीब 30 हजार रुपये मूल्य की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 35,020 रुपये बताया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलशन ताम्रकर (24 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 7, बोरी, चौकी चिखली, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आबकारी अधिनियम, आम्र्स एक्ट, मारपीट एवं अन्य आपराधिक मामलों सहित कई प्रकरण दर्ज हैं। कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चंद्र मरई, प्रधान आरक्षक अरुण नेताम, महिला प्रधान आरक्षक वंदन पटले तथा आरक्षक आदित्य सोलंकी, गोपाल पैकरा, सुनील बैरागी और चंद्रकपूर आयाम सहित चिखली पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

