घायल 500 मीटर तक स्ट्रेचर पर लिटाकर ग्रामीणों ने पहुंचाया एंबुलेंस तक, पंचायत की लापरवाही पर उठे सवाल
डिंडोरी 19 जून (आरएनएस)। बारिश की पहली दस्तक ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में बदहाल सड़कों और जिम्मेदारों की अनदेखी की पोल खोल दी है। जिले के ग्राम पंचायत पलकी में कच्ची सड़क पर पड़ी पाइपलाइन निर्माण की मिट्टी के कारण एक मोटरसाइकिल सवार दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसे में बाइक चालक को पैर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद ग्रामीणों को करीब 500 मीटर तक घायल को स्ट्रेचर पर लिटाकर पैदल एंबुलेंस तक पहुंचाना पड़ा। इस घटना ने ग्रामीण मार्गों की स्थिति और पंचायत स्तर पर चल रहे निर्माण कार्यों की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत पलकी क्षेत्र में ठेकेदार के माध्यम से पाइपलाइन बिछाने का कार्य कराया जा रहा है। पाइपलाइन डालने के बाद निकाली गई मिट्टी को सड़क किनारे रखने के बजाय कच्चे मार्ग पर फैला दिया गया, जिससे ग्रामीणों के आवागमन में परेशानी बढ़ गई। हल्की बारिश के बाद यही मिट्टी सड़क पर कीचड़ में तब्दील हो गई, जिससे रास्ता और भी खतरनाक हो गया।
बताया गया कि ग्राम निवासी सरवन सिंह मालवे मोटरसाइकिल से गांव के कच्चे मार्ग से होकर गुजर रहे थे। इसी दौरान सड़क पर फैली गीली मिट्टी के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हादसे में सरवन सिंह मालवे के पैर में गंभीर चोट आई। दुर्घटना के बाद उन्होंने किसी तरह फोन के माध्यम से घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। एंबुलेंस को ग्राम पंचायत पलकी के बरछा माल क्षेत्र में घायल को लेने के लिए लोकेशन दी गई। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस के पायलट ने कच्चे मार्ग की खराब स्थिति और मिट्टी के कारण वाहन को घटनास्थल तक ले जाने में असमर्थता जताई।
ऐसे में समय गंवाए बिना ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल सरवन सिंह मालवे को स्ट्रेचर पर लिटाया और करीब 500 मीटर तक पैदल चलकर एंबुलेंस तक पहुंचाया। इसके बाद घायल को जिला अस्पताल डिंडोरी लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह हादसा पंचायत स्तर पर बरती गई लापरवाही के कारण हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि पाइपलाइन निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर मिट्टी डाल दी गई थी, लेकिन जिम्मेदारों ने इसे हटवाने या मार्ग को व्यवस्थित कराने की जहमत नहीं उठाई। बारिश के बाद यही मिट्टी ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन गई।
ग्रामीणों के अनुसार ग्राम पंचायत पलकी के व्हीठी टोला, बहेरा टोला और बरछा माल क्षेत्र में करीब 700 से अधिक आबादी निवास करती है। बारिश के मौसम में हर वर्ष ग्रामीणों को इसी तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। खराब कच्चे मार्ग के चलते कई ग्रामीण पहले भी दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में इस मार्ग से गुजरना बेहद मुश्किल हो जाता है। सड़क पर कीचड़ और फिसलन के कारण पैदल चलना भी चुनौती बन जाता है। इसके बावजूद लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्र में सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस ओर कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द इस मार्ग पर सीसी सड़क निर्माण कराया जाए, जिससे बरसात के समय आवागमन की समस्या दूर हो सके। साथ ही ग्रामीणों ने पाइपलाइन निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की मांग भी की है।
फिलहाल घायल सरवन सिंह मालवे का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं इस घटना के बाद एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क व्यवस्था और निर्माण कार्यों की निगरानी को लेकर सवाल खड़े हो गए

