नईदिल्ली,20 जून। इंग्लैंड क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में कीवी बल्लेबाज हेनरी निकोल्स ने शानदार शतक जड़ा। यह उनके टेस्ट करियर का 11वां और इंग्लैंड के खिलाफ दूसरा शतक है। निकोल्स नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरे और जिम्मेदारी भरी पारी खेली। केन विलियमसन के संन्यास के बाद वह इस अहम बल्लेबाजी क्रम पर खेल रहे हैं। ऐसे में आइए उनकी इस पारी और टेस्ट करियर के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
निकोल्स ने तेजी से रन बनाए और 136 गेंदों में शतक पूरा किया। उन्होंने तीसरे दिन के तीसरे सत्र में अपनी पारी को शतक में बदला। इंग्लैंड का कोई भी गेंदबाज निकोल्स को ज्यादा परेशान नहीं कर पाया। रचिन रविंद्र के साथ इस खिलाड़ी ने 201 गेंदों में 161 रन की साझेदारी निभाई। 28 रन पर कीवी टीम को 2 झटके लगे थे। यहां से दोनों ने पारी संभाली। इंग्लैंड की धरती पर इस खिलाड़ी ने अपना पहला शतक जड़ा।
निकोल्स ने अपने टेस्ट करियर में सबसे ज्यादा रन पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ बनाए हैं। उन्होंने इस टीम के खिलाफ अपना पहला टेस्ट 2016 में खेला था। 9 मैच की 16 पारियों में उनके बल्ले से 633 रन निकले हैं। उनकी औसत 45.21 की रही है। उनके बल्ले से 2 शतक और 3 अर्धशतक निकले हैं। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ इस खिलाड़ी के बल्ले से 11 टेस्ट की 18 पारियों में 550 से ज्यादा रन निकले हैं।
निकोल्स ने अपना आखिरी टेस्ट मैच अगस्त 2025 में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उस मैच में भी इस खिलाड़ी के बल्ले से शतक निकला था। उन्होंने उस मैच में 150* रन की पारी खेली थी। इस साल वह अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे हैं। निकोल्स न्यूजीलैंड के लिए 7वें सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने नाथन एस्टल की बराबरी कर ली है। उन्होंने भी 11 शतक लगाए थे।
निकोल्स ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2016 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 59 मुकाबले खेले हैं। इसकी 92 पारियों में 40 से ज्यादा की औसत से 3,200 से अधिक रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 11 शतक के अलावा 12 अर्धशतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 200* रन रहा है। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में इस खिलाड़ी के बल्ले से 8,800 से ज्यादा रन निकले हैं।
००

