राजनांदगांव, 20 जून (आरएनएस)। मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर आरोपी जय उर्फ जया नेताम को लालबाग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अपने दो भाइयों के साथ मिलकर एक व्यक्ति और उसके पिता पर जानलेवा हमला करने के बाद फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, अटल आवास पेण्ड्री निवासी युवराज साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 17 मई 2026 की रात वह अपने घर के पास मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी दौरान विजय नेताम, दीपक उर्फ टिकली नेताम और जय उर्फ जया नेताम वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता गिरधारी साहू को भी आरोपियों ने नहीं छोड़ा।
आरोप है कि मारपीट के दौरान विजय नेताम ने फरसा से गिरधारी साहू के सिर पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेण्ड्री में भर्ती कराया गया। मामले में लालबाग थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 18 मई को आरोपी विजय नेताम और दीपक उर्फ टिकली नेताम को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त फरसा बरामद कर लिया था। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया था।
वहीं तीसरा आरोपी जय उर्फ जया नेताम घटना के बाद से लगातार फरार था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। मुखबिर से मिली सूचना और लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने 20 जून को उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार जय उर्फ जया नेताम निगरानी बदमाश और हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

