सरगुजा, 20 जून (आरएनएस)। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए सरगुजा पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में शराब के नशे में वाहन चला रहे दो मोटरसाइकिल चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए न्यायालय ने कुल 20 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है।
पुलिस के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में यातायात शाखा द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल क्रमांक सी जी -15-डी क्यू -8552 के चालक रामकिशोर (36 वर्ष), निवासी लहपटरा, थाना लखनपुर को रोका। जांच के दौरान चालक शराब के नशे में पाया गया। ब्रेथ एनालाइजर परीक्षण में इसकी पुष्टि होने पर उसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।
इसी तरह दूसरी कार्रवाई में मोटरसाइकिल क्रमांक सी जी -15- ई एच -6910 के चालक लल्लू राम (45 वर्ष), निवासी चैनपुर, थाना लखनपुर को भी शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। ब्रेथ एनालाइजर जांच में उसके नशे में होने की पुष्टि हुई।
दोनों मामलों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां न्यायालय ने दोनों वाहन चालकों पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इस तरह कुल 20 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
यातायात पुलिस ने कहा है कि सड़क सुरक्षा के लिए नियमों का पालन जरूरी है और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

