बिलासपुर, 20 जून (आरएनएस)। सकरी थाना पुलिस ने कोयला चोरी और मिलावट के चर्चित मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से लगातार पुलिस की गिरफ्त से बच रहा था, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 10 जून 2026 को भाटिया एनर्जी एंड कोल बेनिफिकेशन प्रा. लि. लोखंडी के प्रतिनिधि आर.के. पाण्डेय ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि दीपका कोल माइंस से मंगाए गए एफ/जी ग्रेड कोयले की गुणवत्ता जांच के दौरान गड़बड़ी सामने आई। जांच में पाया गया कि ट्रेलरों में लाया गया कोयला निर्धारित ग्रेड का नहीं था।
ट्रेलर चालकों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि कोयले की चोरी कर उसमें मिलावट की गई थी। मामले में बालाजी कोल ट्रेडिंग एंड कंस्ट्रक्शन के संचालक और प्लांट सुपरवाइजर समेत अन्य लोगों की मिलीभगत सामने आई। पुलिस ने इस मामले में पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
जांच के दौरान आरोपी अजय कुमार सिंह (36 वर्ष) निवासी समृद्धि विहार, कोनी का नाम भी सामने आया था, लेकिन वह घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कोनी क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सकरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

