रायपुर,20 जून (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा जल्द ही शुरू किए जाने वाले ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान का स्वागत करते हुए इसे राज्य के विकास और सुशासन की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया है। श्री देव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार का लक्ष्य केवल जनकल्याणकारी योजनाएँ बनाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक उसका लाभ शत-प्रतिशत पहुँचे। अक्सर कई पात्र लोग किसी-न-किसी कारणवश सरकारी योजनाओं के दायरे से बाहर रह जाते हैं। ऐसे वंचित लोगों की तलाश के लिए सरकार खुद उनके द्वार तक पहुँचेगी और प्रशासनिक तंत्र को गाँव और वार्ड स्तर तक पूरी तरह सक्रिय करेगी।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श देव ने कहा कि बस्तर और अन्य दूरस्थ क्षेत्रों में सरकारी सेवाओं की पहुँच बढ़ाने के लिए शुरू की गई महत्वाकांक्षी ‘नियद नेल्लानार योजना के अनुभवों के आधार पर ही ‘सुघ्घर छत्तीसगढ अभियान की अवधारणा तैयार की गई है। अब इस सफल मॉडल को व्यापक स्तर पर लागू किया जा रहा है, जिससे प्रदेश के हजारों गाँवों और लाखों परिवारों तक सीधे पहुँच बनाकर पात्र लोगों को लाभान्वित किया जा सके। श्री देव ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि यह अभियान पारंपरिक प्रशासनिक तौर-तरीकों के बजाय पूरी तरह तकनीक आधारित कार्यक्रम होगा। इसमें विभिन्न सरकारी विभागों के डाटा का समन्वय कर सेवा वितरण की रियल-टाइम निगरानी की जाएगी। डिजिटल डैशबोर्ड के माध्यम से अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी और योजनाओं की प्रगति का नियमित मूल्यांकन किया जाएगा, जिससे भ्रष्टाचार की कोई गुंजाइश नहीं रहेगी। श देव ने कहा कि ‘विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य केवल आधारभूत ढाँचे के निर्माण से हासिल नहीं किया जा सकता, बल्कि इसके लिए हर नागरिक का सशक्तीकरण जरूरी है। ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान राज्य के समग्र और समावेशी विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

