0 विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में आयोजित ‘स्वस्थ आयु के लिए योगÓ कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब, अबूझमाड़ मल्लखंब टीम ने दी आकर्षक प्रस्तुति
पंडरिया/कवर्धा, 21 जून (आरएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के वनांचल ग्राम भैंसाओदार (तहसील कुई-कुकदूर) में विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में स्वस्थ आयु के लिए योग विषय पर भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं निरोग जीवनशैली को जन-जन तक पहुंचाना रहा। इस अवसर पर वनांचल क्षेत्र सहित पंडरिया विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने और स्वस्थ भारत के निर्माण में सहभागी बनने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सामूहिक योगाभ्यास के साथ बस्तर के सुदूर वनांचल से निकलकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मल्लखंब योग को नई पहचान दिलाने वाली इंडिया गॉट टैलेंट विजेता अबूझमाड़ मल्लखंब टीम ने शानदार प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। टीम के प्रदर्शन ने योग, संतुलन और भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा का प्रभावशाली परिचय कराया।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि योग केवल भारत की सांस्कृतिक धरोहर नहीं, बल्कि विश्व मानवता के स्वास्थ्य और कल्याण का प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि वनांचल क्षेत्र के आदिवासी भाई-बहनों एवं पंडरिया विधानसभा के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक एवं प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण भारतीय योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरी दुनिया योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना रही है।
विधायक बोहरा ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन सकारात्मक बनता है। वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग तनाव मुक्ति, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहा है। उन्होंने क्षेत्र के सभी नागरिकों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठजनों से योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नि:शुल्क मोबाइल हेल्थ पैथ लैब के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है, जिसमें 20 से अधिक प्रकार की जांचें पूर्णत: नि:शुल्क की जा रही हैं। अब तक लगभग 13 हजार लोग इस सुविधा का लाभ प्राप्त कर चुके हैं। साथ ही आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए नि:शुल्क एम्बुलेंस सेवाएं भी संचालित की जा रही हैं।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, सामाजिक एकता को मजबूत करने तथा स्वस्थ समाज एवं स्वस्थ भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
0

