0 जशपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी महिला बगीचा से पकड़ी गई
जशपुर, 21 जून (आरएनएस)। जशपुर जिले की सिटी कोतवाली पुलिस ने एक माह के मासूम बच्चे को लेकर फरार हुई महिला को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम मरंगीपाठ की एक पहाड़ी कोरवा महिला अपने एक माह के बच्चे का इलाज कराने जिला अस्पताल जशपुर आई थी। अस्पताल में उसकी मुलाकात एक अज्ञात महिला से हुई, जिसने झाड़-फूंक के जरिए बच्चे को ठीक करने का दावा करते हुए परिवार का विश्वास जीत लिया।
आरोपी महिला बाद में पूरे परिवार को जशपुर बस स्टैंड ले गई। वहां उसने परिजनों को पहले हडिय़ा पिलाई और फिर भोजन कराने के बहाने एक होटल में ले गई। इसी दौरान जब बच्चे के माता-पिता खाना खाने में व्यस्त थे, तब महिला एक माह के मासूम को लेकर मौके से फरार हो गई।
बच्चे के अचानक गायब होने से परिजनों में हड़कंप मच गया। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने सिटी कोतवाली जशपुर में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और बस स्टैंड सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान कर उसे बगीचा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान मासूम बच्चे को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया, जिसे बाद में उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

