जगदलपुर, 21 जून (आरएनएस)। बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जगदलपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र से एक महिला को 1 किलो 566 ग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि पनारापारा चर्च के पीछे गली में एक महिला सफेद प्लास्टिक के झोले में गांजा रखकर उसकी बिक्री कर रही है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार डी. धोत्रे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई।
घेराबंदी कर पुलिस ने निशा बघेल (23 वर्ष) निवासी पनारापारा, जगदलपुर को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलो 566 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में महिला गांजा बिक्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी और अवैध रूप से गांजा बेचने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(द्बद्ब)(बी) के तहत मामला दर्ज कर गांजा जब्त किया तथा उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर विशेष एनडीपीएस न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया गया।
बस्तर पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

