जशपुर, 21 जून (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में झाड़-फूंक के नाम पर एक माह के मासूम बच्चे का अपहरण करने वाली महिला को सिटी कोतवाली पुलिस ने बगीचा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार ने बताया कि बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम मरंगीपाठ की रहने वाली एक पहाड़ी कोरवा महिला अपने एक माह के बच्चे का इलाज कराने जिला अस्पताल जशपुर आई थी। अस्पताल में उसकी मुलाकात एक अज्ञात महिला से हुई। आरोपी महिला ने झाड़-फूंक के जरिए बच्चे को ठीक करने का झांसा देकर परिवार का विश्वास जीत लिया।
इसके बाद आरोपी महिला पूरे परिवार को जशपुर बस स्टैंड ले गई। वहां उसने पहले परिजनों को हडिय़ा पिलाई और फिर एक होटल में खाना खाने ले गई। इसी दौरान जब बच्चे के माता-पिता भोजन करने में व्यस्त थे, आरोपी महिला एक माह के मासूम को लेकर मौके से फरार हो गई।
बच्चे के लापता होने की सूचना मिलते ही परिजनों ने सिटी कोतवाली जशपुर में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और बस स्टैंड सहित आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान कर उसे बगीचा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मासूम बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

