० अनियमितता पाए जाने पर उर्वरक विक्रय लाइसेंस निलंबित
कोण्डागांव, 21 जून (आरएनएस)। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में दर्ज शिकायत पर कृषि विभाग कोण्डागांव द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मेसर्स उन्नत कृषि केन्द्र, कोण्डागांव के उर्वरक विक्रय लाइसेंस को निलंबित कर दिया गया है।
ग्राम बनजुगानी (कराठी आलवाड़) निवासी किसान हेमलाल नेताम ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी कि संबंधित फर्म द्वारा उर्वरक की बिक्री निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर की जा रही है। शिकायत प्राप्त होते ही कृषि विभाग के अधिकारियों ने फर्म का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जांच में यह पाया गया कि विक्रेता द्वारा उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के प्रावधानों के अनुरूप स्टॉक पंजी, बिक्री पंजी एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों का समुचित संधारण नहीं किया जा रहा था। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए विभाग ने संबंधित फर्म का उर्वरक विक्रय लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से उनकी शिकायत का समयबद्ध निराकरण होने से शिकायतकर्ता हेमलाल नेताम ने किसानों के हित में की गई कृषि विभाग की त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

