अंबिकापुर/सरगुजा, 21 जून (आरएनएस)। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में पूर्व रंजिश और आपसी विवाद के चलते युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने विधि से संघर्षरत एक बालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल ईंट-पत्थर और आरोपियों के घटना के समय पहने कपड़े भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 20 जून 2026 को लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अलगा बेन्दोपानी बेलदगी निवासी पांडे कोरवा (32) की हत्या की सूचना मिली थी। जांच में सामने आया कि मृतक के भाई श्रवण कोरवा और एक विधि से संघर्षरत बालक ने पुरानी रंजिश और आपसी विवाद के चलते उस पर हमला किया। आरोप है कि श्रवण कोरवा ने पहले मृतक की नाक दांत से काटी और फिर दोनों आरोपियों ने ईंट और पत्थर से उसके सिर एवं कान के पास गंभीर वार कर उसकी हत्या कर दी।
घटना की सूचना पर लखनपुर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 160/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई की गई और हत्या में प्रयुक्त ईंट-पत्थर बरामद किए गए। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपी श्रवण कोरवा (25) तथा विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया।
पूछताछ में दोनों ने पुरानी रंजिश के कारण मिलकर हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त कर लिए। इसके बाद नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड तथा बालिग आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने बताया कि इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संपत पोटाई सहित थाना लखनपुर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

