दुर्ग/भिलाइ, 21 जून (आरएनएस)। भिलाई के टाउनशिप क्षेत्र में एक कॉलेज छात्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना सेक्टर-4 स्थित बंद पड़े बीएसपी स्कूल परिसर की है। मृतक की पहचान 22 वर्षीय दीपांशु वर्मा के रूप में हुई है, जो कल्याण कॉलेज का छात्र था। उसके पिता भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में कार्यरत हैं।
पुलिस के अनुसार, दीपांशु घर से लापता था। परिजनों की सूचना के बाद उसकी तलाश की जा रही थी। इसी दौरान उसका शव बंद पड़े स्कूल परिसर में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस उसकी सामग्री और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव, निराशा या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो किसी विश्वसनीय परिजन, मित्र या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से तुरंत संपर्क करें। समय पर सहायता लेना बेहद महत्वपूर्ण है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

