बिलासपुर, 21 जून (आरएनएस)। बिलासपुर पुलिस ने महिलाओं को निशाना बनाकर चैन स्नैचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले उड़ीसा के अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने थाना तोरवा और सिरगिट्टी क्षेत्र में हुई तीन वारदातों का खुलासा करते हुए संगठित अपराध और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 15 मई 2026 को थाना तोरवा क्षेत्र की शिवधाम कॉलोनी निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सुबह घर के बाहर सफाई के दौरान स्कूटी सवार तीन अज्ञात बदमाश उसके गले से सोने की चैन छीनकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया गया, जिसमें बिना नंबर की नीली स्कूटी पर सवार संदिग्ध दिखाई दिए। इसी दौरान थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में भी महिला से मारपीट कर चैन लूटने की घटना सामने आई। दोनों मामलों की फुटेज और आरोपियों के हुलिये का मिलान करने पर पुलिस को एक ही गिरोह के शामिल होने की पुष्टि हुई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गणेश नगर, सिरगिट्टी में दबिश देकर नवीन साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने उड़ीसा के अपने साथियों को बिलासपुर बुलाकर अपने घर में ठहराया था और सभी मिलकर चैन स्नैचिंग एवं लूट की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। इसके बाद पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने थाना तोरवा और सिरगिट्टी क्षेत्र में तीन महिलाओं से चैन स्नैचिंग और लूट की घटनाएं करना स्वीकार किया। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह उड़ीसा से विभिन्न राज्यों में जाकर स्थानीय लोगों की मदद से महिलाओं को निशाना बनाकर संगठित तरीके से झपटमारी और लूट की वारदातों को अंजाम देता था।
गिरफ्तार आरोपी
* शिव सिंह (28), राउरकेला, सुंदरगढ़ (उड़ीसा)
* शक्ति प्रसाद (20), रघुनाथपाली, सुंदरगढ़ (उड़ीसा)
* नवीन साहू (32), गणेश नगर, सिरगिट्टी, बिलासपुर
* प्रमोद सिंह (30), रायभोगा, सुंदरगढ़ (उड़ीसा)
* अतुल मुंडा (18), उदितपुर (उड़ीसा)
* बसंता खडिय़ा (20), संबलपुर (उड़ीसा), हाल निवासी गणेश नगर, सिरगिट्टी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की सफेद स्कूटी भी जब्त की है। गिरोह के तीन अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने क्षेत्र में बाहर से आकर रहने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तत्काल निकटतम थाना या पुलिस को दें, ताकि इस तरह की आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

