बिलासपुर, 21 जून (आरएनएस)। बिलासपुर पुलिस ने महिलाओं को निशाना बनाकर चैन स्नैचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले उड़ीसा के अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने थाना तोरवा और सिरगिट्टी क्षेत्र में हुई तीन वारदातों का खुलासा करते हुए घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की स्कूटी भी जब्त की है। गिरोह के तीन अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 15 मई 2026 को तोरवा थाना क्षेत्र की शिवधाम कॉलोनी में एक महिला से सुबह घर के बाहर सफाई करते समय स्कूटी सवार तीन बदमाशों ने सोने की चैन छीन ली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों की सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। इसी दौरान सिरगिट्टी क्षेत्र में भी महिला से मारपीट कर चैन लूटने की घटना सामने आई। दोनों घटनाओं के फुटेज और आरोपियों के हुलिये का मिलान करने पर एक ही गिरोह के शामिल होने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने गणेश नगर, सिरगिट्टी में दबिश देकर स्थानीय सहयोगी नवीन साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने उड़ीसा से अपने साथियों को बिलासपुर बुलाकर घर में ठहराया था और सभी मिलकर चैन स्नैचिंग व लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। इसके बाद पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने तोरवा और सिरगिट्टी क्षेत्र में महिलाओं को निशाना बनाकर तीन वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह उड़ीसा से विभिन्न राज्यों में जाकर स्थानीय सहयोगियों की मदद से संगठित तरीके से चैन स्नैचिंग, झपटमारी और लूट की घटनाएं करता था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित धाराएं भी जोड़ी हैं। सभी छह आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि गिरोह के तीन अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने क्षेत्र में बाहर से आकर रहने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि इस प्रकार की आपराधिक गतिविधियों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

