-नगर पालिका की लचर सफाई व्यवस्था देख डीएम नाराज
-अतिक्रमण पर जुर्माना लगाने के दिए निर्देश
चित्रकूट 21 जून (आरएनएस)। डीएम पुलकित गर्ग ने नगर पालिका के वर्कशॉप एवं नगर क्षेत्र की साफ सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वर्कशॉप में सात ई-रिक्शा खड़े पाए गए। अधिशासी अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि ई-रिक्शा लंबे समय से खराब हैं। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि खराब ई-रिक्शों में तत्काल बैटरियां लगवाकर उन्हें क्रियाशील बनाया जाए तथा डोर टू डोर कूड़ा संग्रहण कार्य में उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान वर्कशॉप में 17 बड़े वाहन भी खड़े मिले। जिनमें 11 वाहन खराब पाए गए। डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि सभी खराब वाहनों को एक सप्ताह के भीतर ठीक कराकर उपयोग में लाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि आगामी निरीक्षण के दौरान यदि वाहन अनावश्यक रूप से वर्कशॉप में खड़े पाए गए तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नगर पालिका में उपलब्ध कुल वाहनों, संचालित वाहनों एवं खराब वाहनों का अद्यतन विवरण तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। डोर टू डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था की समीक्षा के दौरान अधिशासी अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में 14 वाहन कूड़ा संग्रहण कार्य में लगाए गए हैं। हालांकि निरीक्षण में यह पाया गया कि वाहनों के संचालन का समय एवं संबंधित वार्ड का विवरण रजिस्टर में दर्ज नहीं किया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रत्येक वाहन के प्रस्थान का समय, कार्यक्षेत्र एवं संबंधित वार्ड का विवरण नियमित रूप से अभिलेखों में अंकित किया जाए, जिससे कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो सके।
इसके बाद डीएम ने धुस मैदान स्थित तुलसी पार्क का निरीक्षण किया। मार्ग पर सब्जी एवं फल विक्रेताओं द्वारा किए गए अतिक्रमण पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उनके निर्देश पर सब्जी विक्रेता संतोष कुमार एवं शौकत अली सहित दो फल विक्रेताओं पर सौ रुपये का अर्थदंड लगाया गया। मौके पर ही जुर्माने की रसीद जारी की गई। निर्देश दिए कि भविष्य में पुन: अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल जुर्माना एवं अन्य नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि संबंधित सफाई नायक अपने पास जुर्माना रसीद पुस्तिका उपलब्ध रखें तथा अतिक्रमण के विरुद्ध नियमित कार्रवाई करें। यदि किसी कर्मचारी द्वारा इस कार्य में लापरवाही बरती जाती है अथवा जुर्माना रसीद पुस्तिका अपने पास नहीं रखी जाती है तो उसके विरुद्ध वेतन रोकने सहित आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों द्वारा तुलसी पार्क के समीप स्थापित वाटर कूलर से ठंडा पानी न आने की शिकायत की गई। मौके पर जांच में वाटर कूलर से गर्म पानी निकलता पाया गया। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि मोटर खराब होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वाटर कूलर की मोटर उसी दिन ठीक कराकर जनसामान्य को शुद्ध एवं ठंडे पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा इसकी सूचना उन्हें तत्काल दी जाए। धुस मैदान से विद्युत कार्यालय जाने वाले मार्ग पर व्यापक गंदगी पाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि कूड़ा भंडारण के लिए बनाई गई बाउंड्री को हटाकर क्षेत्र में समुचित साफ-सफाई एवं कूड़ा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त धुस मैदान क्षेत्र में कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था असंतोषजनक पाई गई तथा दुकानदारों द्वारा गुमटी रखकर अतिक्रमण किया गया था। अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि अवैध रूप से रखी गई गुमटियों को नियमानुसार हटवाने की कार्रवाई तत्काल सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने कहा कि नगर की स्वच्छता, यातायात व्यवस्था एवं जनसुविधाओं को बेहतर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपूर्ण नगर क्षेत्र में नियमित एवं प्रभावी साफ सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

